करनैलगंज। रावण के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान विष्णु ने अयोध्या में श्रीराम के रूप में अवतार लिया। रविवार रात छतईपुरवा के निकट ब्रह्मदेव स्थान पर श्री बालरामलीला उत्सव में स्थानीय कलाकारों ने रावण अत्याचार और रामजन्म की लीला का भावपूर्ण मंचन किया।
श्री बाल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में दिखाया गया कि रावण के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी गो का रूप धारण कर इंद्रदेव के दरबार पहुंचती है। इसके बाद सभी देवता ब्रह्मा, शिव और फिर भगवान विष्णु की शरण में जाते हैं। देवताओं की प्रार्थना पर आकाशवाणी होती है कि भगवान विष्णु राजा दशरथ के यहां जन्म लेकर पृथ्वी को राक्षसों के आतंक से मुक्त करेंगे। इसके बाद राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के जन्म का मंचन हुआ। राम की भूमिका अविनाश पांडेय, दशरथ की श्रीलाल शुक्ल, वशिष्ठ की सोनू पांडेय और अग्निदेव की भूमिका कमलकांत तिवारी ने निभाई।
अहिरावण का वध कर हनुमान ने मुक्त कराए राम-लक्ष्मण
नवाबगंज। कटरा शिवदयालगंज बाजार में आयोजित श्री अवध रामलीला महोत्सव में रविवार रात काली पूजन और अहिरावण वध की लीला का मंचन किया गया। मंचन में दिखाया गया कि रावण के कहने पर अहिरावण मायावी बाण चलाकर रामदल के योद्धाओं को सुला देता है और राम-लक्ष्मण को पातालपुरी ले जाकर मां काली के मंदिर में बलि चढ़ाने की तैयारी करता है। विभीषण से मार्ग की जानकारी पाकर हनुमान जी पातालपुरी पहुंचते हैं और अहिरावण का वध कर दोनों भाइयों को मुक्त कराते हैं। समिति के मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता ने बताया कि लीला में राम की भूमिका विकास गुप्ता, लक्ष्मण की अभय गुप्ता, रावण की अनूप गुप्ता, अहिरावण की रजनीश कमलापुरी और हनुमान जी की भूमिका अमित कुमार राय ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन और निर्देशन विनोद कुमार गुप्ता ने किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। (संवाद)
रावण वध के साथ रामलीला का समापन
इटियाथोक। आदर्श रामलीला समिति भवनियापुर उपाध्याय की ओर से सोमवार को दशहरा मेले में राम-रावण युद्ध और रावण वध का मंचन किया गया। इससे पहले रविवार रात कुंभकर्ण, मेघनाद और अहिरावण वध की लीला दिखाई गई। कलाकारों ने सजीव अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर समिति के पदाधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। उधर, श्री नवयुवक रामलीला समिति इटियाथोक की रामलीला का रविवार रात रावण वध के साथ समापन हो गया। (संवाद)
रामलीला का मंचन करते कलाकार व माैजूद श्रद्धालु। संवाद
रामलीला का मंचन करते कलाकार व माैजूद श्रद्धालु। संवाद