विकास कार्यों में प्रदेश सरकार के अधिकारी कोई सहयोग नहीं कर रहे हैं। सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव बार-बार मांगने के बावजूद केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय को नहीं भेजा जा रहा है। राज्य सरकार के मंत्री केंद्र के कार्यों तथा योजनाओं को अपना बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। यदि राज्य सरकार ने विकास कार्यों के प्रति अपना रवैया नहीं बदला तो भाजपा सड़कों पर उतरकर जनता को सच्चाई बताएगी।
यह बातें मंगलवार का श्रावस्ती के भाजपा सांसद ददन मिश्र अपने दो वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड बतातेे हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्र में चल रही भाजपा सरकार के दो साल पूरे हो गए हैं, लेकिन आज तक सरकार के किसी भी मंत्री या सांसद पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा।
सांसद ने कहा कि उनके प्रयास से श्रावस्ती तथा बलरामपुर जनपद को नई रेल लाइन का तोहफा मिला। सड़कों के निर्माण के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत उन्होंने कई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग से देने को कहा है लेकिन अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान ही नहीं दे रहे है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उज्जवला योजना, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया आदि योजनाओं के साथ हुनरमंद मुसलमानों के लिए उस्ताद योजना चलाकर लोगों को रोजगार दिलाने का काम किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन तथा प्रदेश सरकार के नुमाइंदों की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यहां जनप्रतिनिधि क्षेत्र तथा जिले के विकास के प्रति लापरवाही बरत रहे है। यही कारण है कि यहां के लोगों को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना के तहत जिले में कोई कार्य ही नहीं हो पाया क्योंकि प्रदेश सरकार ने यह काम एक फ्राड संस्था को दे दिया था। संस्था के ब्लैक लिस्टेड होने के बाद अब विभागीय स्तर पर काम प्रारंभ हो गया है।
इस योजना के तहत वर्ष 2019 तक देश का कोई घर ऐसा नहीं बचेगा जहां बिजली न पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रदेश सरकार तथा अधिकारियों ने विकास कार्यो में रोड़ा अटकाने की अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो हम लोग आंदोलन कर उन्हें कार्यशैली बदलने पर मजबूर कर देंगे।
इस अवसर पर अजय पांडेय, पंकज मिश्र, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू, भाजपा महामंत्री कैलाश नाथ शुक्ल तथा मीडिया प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।