गोंडा। बेसिक शिक्षा की जिला स्तरीय क्रीडा प्रतियोगिता में मुजेहना ब्लॉक के छात्रों ने एक बार फिर बाजी मार ली है। दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन पर रविवार को मुजेहना की टीम ने हर खेल में जीत हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब हासिल कर लिया है। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि छात्रों में खेल का अभ्यास बनाए रखें। मंडलीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखानी है। उधर, प्रतियोगिता के दौरान चोटिल हुए एक छात्र का इलाज कराया गया।
प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय आरके सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी मनकापुर, विशाल यादव, जिला व्यायाम शिक्षक संजय सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका प्रियंका सिंह ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में 98 अंकों के साथ मुजेहना प्रथम स्थान पर रहा। वहीं 59 अंको के साथ कटरा बाजार द्वितीय और 43 अंकों के साथ परसपुर तृतीय स्थान पर रहा। इसके अलावा लंबी कूद में अंजली मौर्या प्रथम, काजल द्वितीय, नेहा तृतीय रहीं। लंबी कूद (बालक) में श्यामलाल प्रथम, कन्हैया तिवारी द्वितीय, अनुज कुमार तृतीय रहे।
दौड़ की प्रतियोगिताओं में 50 मीटर प्राथमिक बालिका में आफरीन मुजेहना प्रथम, 50 मीटर प्राथमिक बालक में शिवा परसपुर प्रथम रहे। 100 मीटर बालक में अब्दुल समद बभनजोत प्रथम, 100 मीटर बालिका में काजल कटरा बाजार प्रथम रहा। 400 मीटर बालक में रेहान मुजेहना व बालिका में कोमल नवाबगंज प्रथम रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता बालिका वर्ग में परसपुर विजेता, कटरा उपविजेता रहा। इसी तरह बालक कबड्डी में कटरा बाजार विजेता, नवाबगंज उपविजेता रहा। खो- खो में मुजेहना विजेता और बेलसर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता के दौरान नवाबगंज से आए बाल खिलाड़ी सत्यम चोटिल हो गया। जिसका मौके पर इलाज कराया गया।