इटियाथोक(गोंडा)। क्षेत्र के बेलवा कर्मडीह गांव में संदिग्ध हालात में एक किशोर का शव पेड़ से लटकता मिला है। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलवा कर्मडीह निवासी उमाशंकर चौबे (17) पुत्र राजितराम चौबे रोजी रोटी के लिए राजस्थान में रहता था। दीपावली में राजस्थान से लौटा तो वह बलरामपुर के उतरौला स्थित अपने ननिहाल चला गया था। चार दिन पहले ही ननिहाल से घर लौटा था। उमाशंकर चौबे के पिता राजितराम ने बताया कि शनिवार रात गांव के एक युवक ने उमाशंकर के मोबाइल पर फोन करने उसे बुलाया। कॉल रिसीव करने के बाद रात तकरीबन साढ़े आठ बजे वह थोड़ी देर लौटने की बात बताकर घर से गया था। देर रात तक नहीं लौटा।
रविवार की सुबह उमाशंकर चौबे का शव इटियाथोक के बलरामपुर मार्ग से गांव को जाने वाली पक्की सड़क के किनारे शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घर से निकले युवक का शव बाग में मिला
गोंडा। बल्लापुरवा गांव में रविवार सुबह एक किशोर का शव बाग में पेड़ से लटकता मिला। थाना वजीरगंज क्षेत्र के बल्लापुरवा के रहने वाले जगन्नाथ चौहान ने बताया कि उसका बेटा धर्मराज चौहान (17) शनिवार को घर से गांव में ही निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो तलाश शुरू की गई। उसका शव गांव के समीप बाग में पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।