गोंडा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दौरे को लेकर मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की वीआईवी ड्यूटी लगा दी गई थी। इससे बृहस्पतिवार को अस्पताल आने वाले मरीजों को जूनियर डॉक्टरों से उपचार कराना पड़ा। कई मरीज बिना उपचार कराए ही अस्पताल से लौट गए। वहीं अस्पताल में सेफ हाउस बनाए जाने के कारण दोपहर दो बजे तक सभी ऑपरेशन ठप रहे।
राज्यपाल के कार्यक्रम में आर्थो सर्जन डॉ. अरुण मिश्र, फिजीशियन डॉ. निशांत पांडेय, सर्जन डॉ. मुसाफिरा सुहैल, आर्थो सर्जन डॉ. पीएन सिंह, सर्जन डॉ. आशीष शुक्ल, फिजीशियन डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, सर्जन डॉ. मोहम्मद शकील व एनेस्थेटिस्ट डॉ. गजेंद्र व डॉ. आशीष कुमार की ड्यूटी लगाई गई थी। अस्पताल के प्रमुख विशेषज्ञों के कक्ष बंद रहे। तरबगंज से आए आर्यन पांडेय ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह डॉ. अखिलेश त्रिपाठी से उपचार कराया था। बृहस्पतिवार को फिर से बुलाया लेकिन, आज उनका कक्ष बंद है। उन्होंने जूनियर रेजीडेंट डॉ. राकेश तिवारी से उपचार कराया।
शहर के पटेलनगर निवासी छोटका, इटियाथोक की सालिका बानो, कटरा बाजार के विक्कू सिंह सहित कई मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिले, उन्हें जूनियर रेजीडेंट से उपचार कराना पड़ा। पंडरी कृपाल निवासी नगमा सहित कई मरीज विशेषज्ञ डॉक्टर न मिलने के कारण बिना उपचार कराए ही लौट गए। वहीं अस्पताल में राज्यपाल के लिए सेफ हाउस बनाया गया था, जिसमें बेड रिजर्व होने के साथ ही एक ऑपरेशन थियेटर आरक्षित किया गया था, जिसके कारण दो बजे तक ऑपरेशन नहीं हो सके। हालांकि शाम को ओटी फिर से शुरू की गई।