मनकापुर। रेलवे प्रशासन ने जोधपुर-गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन मनकापुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार जोधपुर-गोरखपुर-जोधपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन आठ फेरों के लिए किया जाएगा। जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन (04829) 21 मई से नौ जुलाई तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को जोधपुर से चलेगी। यह ट्रेन दूसरे दिन शाम 06:20 बजे मनकापुर स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती होते हुए रात 08:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर-जोधपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन (04830) 22 मई से 10 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। यह ट्रेन गोरखपुर से रात 11:25 बजे रवाना होकर देर रात 01:32 बजे मनकापुर स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद अयोध्या होते हुए जोधपुर के लिए प्रस्थान करेगी। (संवाद)