गोंडा। गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग और प्रभावी प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। 28 फरवरी तक चलने वाले अभियान को लेकर अधीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मुख कैंसर समेत गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए। साथ ही चिह्नित मरीजों को निशुल्क जांच, उपचार, दवाएं और आवश्यक क्लीनिकल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि एनसीडी ई-कवच पोर्टल पर डाटा फीडिंग प्राथमिकता के आधार पर की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा खराब प्रगति करने वाले चिकित्सक या स्वास्थ्य इकाइयों की जवाबदेही तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित मामलों की समीक्षा जिलाधिकारी स्तर पर की जाएगी।