साइकिल यात्रा के माध्यम से सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। जिससे सरकार के जनहित में किए गए कार्यों की लोगों को जानकारी मिलने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। यह बातें सपा जिलाध्यक्ष महफूज खां ने रविवार को सिंचाई डाक बंगले में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, प्रकोष्ठों के अध्यक्षों एवं विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि एक से 14 अगस्त के बीच होने वाली साइकिल रैली को सफल बनाने की अभी से तैयारी कर लें। नवयुवकों के नेतृत्व में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की न्याय पंचायतों में साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विधायक, पूर्व विधायक के साथ ही वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि 13 अगस्त की सुबह 11 बजे जनपद के कोने-कोने से कार्यकर्ता गांधी पार्क पहुंचेंगे। इसके बाद यहां से साइकिल रैली निकाल कर सरकार के साढ़े तीन साल में कराए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने दूसरे देशों से अधिक चीनी की खरीद कर ली है।
इसलिए प्रदेश के गन्ना किसानों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि सपा सरकार वर्ष 2012 में घोषणा पत्र में किए गए वायदों को 92 प्रतिशत पूरा कर चुकी है। इस मौके पर विधायक नंदिता शुक्ला, पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे, शमीम अच्छन, कमरुद्दीन, गनेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।