मुजेहना( गोंडा)। एक हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने धानेपुर थाने के मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया है।
थाना धानेपुर क्षेत्र के ग्राम बलदूपुरवा बनगाई निवासी प्रेम प्रकाश ने 23 जनवरी को पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर कहा कि हल्का नंबर दो में तैनात हेड कांस्टेबल अगीनेश कुमार पांडेय ने उसे थाने पर बुलाया। एक मुकदमे के संबंध में 2000 रुपये की मांग करने लगा। दबाव बनाने लगा कि अगर रुपये नहीं दिए तो बंद कर देंगे। थाने पर बैठाये रखा। सिपाही ने थाने के प्राइवेट भंडारी सरोज आजाद का गूगल पे नंबर दिया और एक हजार रुपये भुगतान करने की बात कही।
प्रार्थी ने किसी तरह बंदोबस्त कर गूगल पे के माध्यम से भुगतान करा दिया। इसके बाद सिपाही ने उससे पुनः 4000 रुपये की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने इसकी जांच प्रभारी निरीक्षक धानेपुर वेद प्रकाश शुक्ला को सौंपी थी। प्रभारी निरीक्षक की जांच में शिकायत सही मिली। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मुख्य आरक्षी अगीनेश कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। (संवाद)