गोंडा। होली पर्व को लेकर जीआरपी के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने रविवार को जीआरपी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार एवं अभिलेखों का गहन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी रेलवे ने निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी होली पर्व को देखते हुए रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शस्त्रागार में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा सभी उपकरणों को सक्रिय एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक रेलवे ने प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल एवं स्टेशन परिसर का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जीआरपी प्रभारी को त्योहार के दौरान सतर्कता बढ़ाने तथा आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।