मोतीगंज (गोंडा)। नहर में बोलेरो गिरने से 12 श्रद्धालुओं की मौत के बाद बुधवार को सपा का एक प्रतिनिधिमंडल सीहागांव पहुंचा। सपाइयों ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया। साथ ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को साझा किया। प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, राष्ट्रीय सचिव मसूद आलम खां, सरफराज हुसैन सोनू, जकी अहमद, अजय गौतम, सुशीला गौतम, मैन चौधरी, इरशाद चौधरी आदि मौजूद रहे। बताया कि जल्द ही पार्टी की ओर से पीड़ितों को मदद दी जाएगी।
शोक में डूबे परिजन
सीहागांव के नरायनगंज चौराहे पर स्थित प्रह्लाद के घर के सामने उसकी बुजुर्ग मां दयावती व बड़ी बेटी विमला बेसुध थीं। बहन व मां सदमे में हैं। बहन कह रही थी कि भैया ने इस बार रक्षाबंधन व नागपंचमी में भी बुलवाया था, लेकिन घर गृहस्थी व जिम्मेदारी के चलते मायके नहीं आ सकी थी। हमें नहीं पता था कि इतना बड़ा हादसा होई जाई।
दुकानें खुली, सन्नाटा बरकरार
सीहागांव स्थित नरायनगंज चौराहे पर चौथे दिन दुकानें खुलीं, लेकिन सन्नाटा छाया रहा। हार्डवेयर दुकानदार महेश ने बताया कि घटना के चलते रातभर नींद नहीं आती। प्रह्लाद के घर के सामने चौराहे पर ही सिलाई कढ़ाई का काम कर रही ज्योति गुप्ता ने बताया कि जब घटना का मंजर याद आता है तो रूह कांप उठती है।