गोंडा। मुजेहना के ग्राम दुल्हापुर के मजरा मदराहवा में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बेटा लॉकडाउन में लुधियाना में फंसा है। घर में मात्र 14 वर्षीय मृतका की पोती ही है। ऐसे में महिला का अंतिम संस्कार करने की समस्या खड़ी हो गई। बेटे के न पहुुंचने पर गांव के ही 16 वर्षीय लड़के ने महिला को मुखाग्नि दी।
मामला ग्राम दुल्हापुर के मजरा मदरहवा का है। यहां शुक्रवार रात इंदिरा देवी (55) की बीमारी से मौत हो गयी। इंदिरा के पति घिर्राऊ का एक वर्ष पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था।
इंदिरा का इकलौता पुत्र विक्रम (32) रोजी-रोटी के लिए पंजाब के लुधियाना में रहता है तथा उसकी 13 वर्षीय बेटी कृष्णा दादी के साथ यहां रहती थी। विक्रम लॉकडाउन के चलते लुधियाना में फंसा है। मां की मौत की सूचना मिलने के बाद भी लॉकडाउन के चलते वह मां के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच सका। अंतिम संस्कार के लिए गांव वाले इकट्ठा हुए। फिर मृतका के देवर के 16 वर्षीय पुत्र पंकज ने उन्हें मुखाग्नि दी।