30वीं वाहिनी पीएसी के एक सिपाही का शव सोमवार की देर शाम सात बजे बैरक में छत के हुक से रस्सी के सहारे लटकता मिला। सूचना पर बटालियन कर्मियों की वहां भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरारे गांव के रहने वाले रमानंद (46) गोंडा की 30 वीं पीएसी में सिपाही थे। वह दो माह पहले गैर जनपद से तबादले पर यहां आए थे और ड्यूटी बैरक में मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार के साथ रहते थे।
30वीं वाहिनी पीएसी के शिविरपाल रामदयाल ने बताया कि मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार बटालियन में किसी काम से गए थे। बैरक में रमानंद थे।
उनके वापस लौटने पर रमानंद का शव छत के हुक से रस्सी के सहारे फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर पीएसी कमांडेंट मनोज कुमार, प्रभारी पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएसी कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।