गोंडा। एक तरफ जहां जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने से खलबली मची है और लॉकडाउन-टू में और सख्ती की बात कही जा रही है। वहीं इससे इतर शहर में सुबह से ही लॉकडाउन के पहले जैसे ही स्थिति दिखने लगी है। बेपरवाह लोग बाहर घूम रहे हैं और सोशल डिस्टेसिंग का ध्यान नहीं रख रहे है।अब तक दो कोरोना पाजीटिव मिलने के बाद भी लोग गंभीर नहीं हैं। शुक्रवार को शहर के कई क्षेत्रों में काफी लोग घूमते दिखे।
जिले में लॉकडाउन के पालन कराने में प्रशासन के अब पसीने छूट रहे हैं। हल्की सी ढील देने में दोपहर 12 बजे से दो बजे के बीच लोग धड़ल्ले से बाइक पर फर्राटे और बाजार में बेवजह घूमते दिखाई दिए। शुक्रवार को शहर को देखने में सबसे अधिक भीड़ रानी बाजार में दिखी। दुकानें तो उतनी नही खुली हैं फिर भी लोग बाहर निकले दिखे। इसी तरह बडगांव से स्टेशन रोड़ पर भी काफी लोग सड़कों पर टहलते दिखे।
पटेलनगर और गुड्डूमल चौराहे पर भीड़ अधिक थी। इसके अलावा एकता चौक और ठठेरी गली में लोग जुट रहे, जबकि यहां पर मेडिकल या कोई अन्य रोजमर्रा खरीद की दुकानें नही खुली थी। जिला अस्पताल के सामने कई मेडिकल स्टोर की दुकानें हैं। यहां के कुछ दुकानदार जानबूझकर लोगों को रोके रहते हैं। समय से दवाओं को न देने से भीड़ जुट जाती है। यही नही सोशल डिस्टेसिंग के उपाय भी नही किए हैं। लगातार भीड़ के जुटने से खतरा बढ़ रहा है।