गोंडा। डीएम मार्कंडेय शाही ने बताया है कि जिले में कोविड वैक्सीन का टीकाकरण प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण शुरू हुआ जिसमें लक्षित 14401 के सापेक्ष अब तक 10 हजार 717 कर्मियों को कोविड का टीका लगाया जा चुका है।
इसी प्रकार फ्रंट लाइन वर्कर्स में राजस्व विभाग के 279, पुलिस विभाग के 2237, नगरीय विभाग के 63 सहित कुल 2 हजार 579 लोगों को कोविड की वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।
इस प्रकार अब तक जिले में कुल मिलाकर 13 हजार 296 लोगों का टीकाकरण हुआ है जिसमें स्वास्थ्य विभाग में लक्ष्य के सापेक्ष 74.41 प्रतिशत तथा फ्रंट लाइन वर्कर्स में 38.92 प्रतिशत लोगों को टीकाकरण हुआ है। सीएमओ डॉ. अजय सिंह गौतम ने बताया कि शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप जिले में कोरोना शील्ड का वैक्सीनेशन चरणवार किया जा रहा है।