गोंडा। देश और प्रदेश ही नहीं जिले में भी कोरोना में गिरावट का असर देखा जा रहा है। जिससे पिछले महीने के मुकाबले इस महीने कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मंगलवार की शाम को जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक कुल 16 लोग कोरोना से संक्रमित पाये गये। लेकिन इस कोरोना की लड़ाई में जिले के 51 लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। अब तक कोरोना से कुल 1 लाख 28 हजार लोगों की जांच की गई थी, जिसमें 4403 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।
कोरोना संक्रमितों के मुकाबले जिले में हुई मौतों का प्रतिशत अब लगभग 1.158 है। जो कि देश और प्रदेश के मुकाबले काफी कम है। बताया जा रहा है कि अब जिले में कोरोना से संक्रमितों में सुधार भी तेजी से हो रहा है। अस्पतालों के मुकाबले जिले में अधिक लोग स्वस्थ भी हुए हैं। अब तक कुल 2892 लोग होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं, वहीं 1188 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज किये गये हैं। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि पिछले महीने के मुकाबले कोरोना की संक्रमण दर में 50 प्रतिशत का सुधार हुआ है। जिसमें लगातार धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
एक माह से कोविड लेवल वन में कोई मरीज भर्ती नहीं
कोरोना संक्रमण के बाद जिले में 350 बेड के कोविड लेवल वन अस्पताल के लिए बनाये गये थे। लेकिन पिछले लगभग एक महीने में एक भी कोरोना मरीज कोविड लेवल-1 में नहीं भर्ती हुआ है। वहीं जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड अस्पताल में भी अब तक एक चौथाई मरीज नहीं भर्ती हुए हैं।