गोंडा। आर्थिक रूप से कमजोर, लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा सत्र 2026-27 के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। छात्र-छात्राएं 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि कक्षा सात उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी आवेदन के पात्र होंगे। मान्यता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। हालांकि नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल तथा राजकीय आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अभिभावकों की वार्षिक आय 3.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ आय, जाति, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) तथा आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। सभी प्रमाणपत्र आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी किए गए होने चाहिए।
बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत अंकों की छूट प्रदान की जाएगी। आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र अपलोड न करने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य वर्ग में शामिल माना जाएगा।
बीएसए ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पात्र विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक मेधावी छात्र इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।