गोंडा। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सोमवार को शहर के टाउनहॉल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र के महामंत्री विजय प्रताप सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अखंड भारत के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका जीवन मां भारती को समर्पित था। विधायक बावन सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए भारतीय जनसंघ की स्थापना की। विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए जम्मू कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो निशान नहीं चलेगा... का नारा दिया था। विधायक अजय सिंह ने उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, अकबाल बहादुर तिवारी, राघवेंद्र ओझा, जसवंत लाल सोनकर, राकेश तिवारी, रमाशंकर मिश्र, वेदप्रकाश दूबे, विद्याभूषण द्विवेदी, संदीप पांडेय आदि मौजूद रहे।
वहीं, तरबगंज स्थित जनसहयोग कार्यालय में विधायक प्रेमनरायन पांडेय ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मुखर्जी एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रणेता थे, जिन्होंने देश के अंदर नई राजनीतिक शुरुआत को आगे बढ़ाया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष आशीष दूबे, अनुज शुक्ल, विनोद पांडेय आदि मौजूद रहे। करनैलगंज व परसपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अजय सिंह समेत अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी। हलधरमऊ में निजी इंटर कॉलेज में विधायक बावन सिंह की अगुवाई में पौधरोपण किया गया।