जिला पंचायत सभागार में कृषि मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित की मौजूदगी में गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सिंह ने पहले खुद शपथ ली, बाद में जिला पंचायत के एक तिहाई सदस्यों को शपथ दिलाई।
शपथ लेने के बाद निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित श्रद्धा सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता उनके पापा (कृषि मंत्री विनोद कुमार सिंह) के निर्देशन में जिले का समुचित विकास करना होगी। जिसमें वह किसी तरह की कोई कमी नहीं
होनें देंगी।
जिला पंचायत के चुनाव में निर्विरोध सदस्य चुने जाने के बाद अध्यक्ष की कुर्सी के दावेदारों में निर्विरोध रहीं श्रद्धा सिंह के साथ गुरुवार को डीडीसी के तकरीबन एक तिहाई सदस्यों ने जिला पंचायत सभागार में अपने पद व गोपनीयता की शपथ ली।
कृषि मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह भी यहां अपनी पुत्रवधू के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। जहां पहले से मौजूद जिला पंचायत के एक तिहाई सदस्यों के बीच जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सिंह को अंग्रेजी में उनके पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष पद की शपथ लेने के बाद श्रद्धा सिंह ने सभागार में मौजूद एक तिहाई सदस्यों को हिंदी में शपथ दिलाई और उपस्थित सदस्यों को विश्वास दिलाया कि वह अपने पापा, यानि कि कृषि मंत्री पंडित सिंह के निर्देशन में जिले का पूरा विकास करेंगी। जिसमें उन्हें हर किसी से सहयोग की अपेक्षा है।
जिला पंचायत सभागार करीब आधे घंटे तक चले कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जयंत कुमार दीक्षित ने जिला पंचायत की करीब आधा दर्जन समितियों के बारे में उपस्थित सदस्यों को जानकारी दी।
वहीं कृषि मंत्री विनोद कुमार सिंह ने जिला पंचायत की अगली बैठक 23 जनवरी को किए जाने की घोषणा करते हुए सभी सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र में विकास का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।