गोंडा। हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों के बीच प्रतिष्ठापित शिवलिंग के जलाभिषेक और पूजन के समय भूतभावन भगवान भवानीशंकर भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए श्लोक और मंत्रों की गूंज रही। ब्रह्म मुहूर्त से ही शिव के जयकारे के साथ-साथ सभी शिवालय गूंज उठे।
जिले में महाशिवरात्रि पर शिव पूजन को लेकर शनिवार की भोर से ही भक्तों के कदम शिवालयों की ओर बढ़ने लगे। शिवालयों में पूरे दिन शिव भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर मेले जैसा माहौल रहा, पूरे जिले में लगभग पांच लाख शिवभक्तों ने ‘अभिषेक’ का जलाभिषेक किया। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसको लेकर कई मार्गों पर रूट डायवर्ट किया गया था।
महाशिवरात्रि पर शनिवार को भक्तों ने उपवास व्रत रखते हुए जलाभिषेक तो कहीं रुद्राभिषेक के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा अराधना की। शिवालयों में दिनभर ओम नम: शिवाय की गूंज रही। भगवान भोले के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ अलसुबह से लगना शुरू हो गई थी। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं को 3 से 4 घंटे का दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा।
शहर के दुखहरणनाथ मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों में हर हर महादेव के जयकारे से गूंज रहे शिवालयों में भव्य शिव श्रृंगार, शिव आरती तथा भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम के समय से विभिन्न शिवालयों में शिव पार्वती विवाह का आयोजन भी किया गया।
महाभारत काल के पृथ्वीनाथ मंदिर में विशाल मेले का आयोजन हुआ। गर्भ गृह खुलते ही श्रद्धालुओं ने काले कसौटे दुर्लभ पत्थरों से निर्मित विशाल शिवलाट पर बेलपत्र, भांग, गन्ना, बेर, धतूर, दूध के साथ जलाभिषेक किया। यहां गोंडा सहित बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, नेपाल तक के भक्त पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी के जवान मौजूद रहे। परसपुर स्थित नर्वदेश्वर नाथ मंदिर, मातेश्वर महादेव मंदिर, भौरीगंज मार्ग व अंजही तथा व कंडरु भारी स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सिंगरिया स्थित सुभगनाथन शिव मंदिर, ग्राम पचईपुरवा चौराहा, भौरीगंज, पसका में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक किया। करनैलगंज1े प्रसिद्ध बनखंडी नाथ महादेव मंदिर पर करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। भंडारा व मेले का आयोजन हुआ। नगर के मोहल्ला सकरौरा स्थित बड़ा शिवाला, घंटाघर, गाड़ी बाजार, कसगरान, गुडाही बाजार, गायत्री मंदिर परिसर स्थित शिवमंदिर, बालूगंज, गोनई गोसांई पुरवा, बाबागंज चौराहा, सकरौरा घाट व कटरा घाट स्थित शिवमंदिर में जलाभिषेक किया गया।
वजीरगंज में बालेश्वरनाथ मंदिर, तरबगंज, बेलसर के नग्रसेन मंदिर, रुपईडीह में लोगों ने जलाभिषेक किया। दीनदयाल शोध संस्थान जयप्रभाग्राम के परिसर में स्थापित पंचमुखी महादेव मंदिर, सदाशिव मंदिर, चित्तेश्वर नाथ मंदिर व तिर्रेमनोरमा के रामजानकी मंदिर में लोगों ने जलाभिषेक किया।
मनकापुर क्षेत्र के शिव मंदिरों व शिवालयों के कपाट खुलते ही भक्तों ने हर-हर महादेव, भोले नाथ की जय हो का उद्घघोष करते हुए पूजन-अर्चन व जलाभिषेक किया। करोहानाथ शिव मंदिर के परिसर में लगे मेले में रंग-बिरंगी दुकानें सजी रहीं। जहां बच्चों व महिलाओं ने जमकर खरीददारी की। स्वामी नारायण भगवान घनश्याम जी महाराज की जन्मस्थली स्वामी नारायण छपिया, श्रावण धाम, मसकनवा व शिव मंदिर तिलेश्वरनाथ तेजपुर में लोगों ने जलाभिषेक किया।
इनसेट
जगह-जगह भंडारे का आयोजन
फोटो-13
नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्टाल लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया। शहर के दुखहरणनाथ मंदिर, उपश्रमायुक्त कार्यालय के सामने डॉ. ज्योत्सना शुक्ला एवं डॉ. डीएन शुक्ला की अगुवाई में, जेल रोड सहित तमाम स्थानों पर भंडारा हुआ। खरगूपुर में श्री सत्य साईं सेवा संगठन ने भंडारे का आयोजन किया। प्रबंधक रामदेव तिवारी एवं प्रधानाचार्य अखिलेश तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।