गोंडा। शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू होगा। नवरात्र में देवी पूजन का महत्व है। जगह-जगह लोग पंडाल सजाकर मां दुर्गा की पूजा करेंगे। नवरात्र के लिए तैयारी शुरू हो गई है। मंदिरों में साफ-सफाई के साथ ही संजाने-संवारने का काम चल रहा है। पूजा समितियों की ओर से पंडाल भी स्थापित किए जा रहे हैं।
नवरात्र में देवी पूजन के लिए लोगों में उत्साह है। इस बार पूरे 10 दिन तक पूजन-अर्चन का सिलसिला चलेगा। पं. राम सुरेश मिश्र का कहना है कि इस बार कोई तिथि घट-बढ़ नहीं रही है। श्रद्धालु पूरे नौ दिन तक मां के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करेंगे। दो अक्तूबर को दशहरा मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन कलश स्थापना होगी और लोग व्रत रखेंगे।
नवरात्र के लिए जिले में तैयारी शुरू हो गई है। मंदिरों में सजावट हो रही है। पूजा पंडालों की साज-सज्जा का काम अंतिम चरण में है। बिजली की झालरों से मंदिरों को सजाया जा रहा है। परसपुर के मधईपुर खांडेराय के राजा हाता स्थित काली माता मंदिर में साफ-सफाई के साथ टेंट लगाया गया है। सजावट का काम चल रहा है।
खैरा भवानी, काली भवानी और वाराही देवी मंदिर में उमड़ेगी भीड़
नवरात्र में शहर के खैरा भवानी मंदिर, काली भवानी मंदिर, उमरीबेगमगंज स्थित वाराही देवी मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। यहां मां के दर्शन और पूजन के लिए दूर-दूर से लोग आएंगे। प्रसाद चढ़ाकर मां की कृपा प्राप्त करेंगे। इन मंदिरों से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी है। इसके साथ ही मनकापुर के श्रीबानगढ़ देवी मंदिर, मुजेहना के मुंगरौल देवी मंदिर में भी नवरात्र भर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे।