मनकापुर बाजार निवासी सातवीं एक छात्रा ने डेंगू व चिकनगुनिया जैसी खतरनाक बीमारियों से लड़ने का बीड़ा उठाया है। वह कस्बे व आसपास के गांवों में अपनी हमउम्र सहेलियों के साथ घूम-घूम कर लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक कर रही है और डेंगू व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से लड़ने के तरीके बता रही है। इस छात्रा के प्रयास को देखकर बाजार के लोग भी उसकी इस मुहिम में शामिल होने लगे हैं।
मनकापुर बाजार के शास्त्री नगर मोहल्ले के रहने वाले शिवकुमार गुप्ता के मुताबिक, उनकी 14 वर्षीया बेटी दिव्यदर्शिनी कस्बे के ही स्वामी विवेकानंद स्कूल की कक्षा 7 में पढ़ती है। करीब तीन माह पहले 20 सिंतबर को दिव्यदर्शिनी डेंगू की चपेट में आ गई। इलाज के लिए उसे लखनऊ के वात्सल्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह करीब 11 दिनों तक जिंदगी-मौत से जंग लड़ती रही।
इस बीमारी ने उसके मस्तिष्क पर ऐसा प्रभाव छोड़ा कि जब वह अस्पताल से ठीक होकर लौटी तो उसके जीवन की दिशा बदल चुकी थी। दिव्यदर्शिनी बताती है कि बीमारी से ठीक होने के बाद उसने तय किया कि वह अपने आसपास के लोंगों को इस बीमारी को लेकर आगाह करेगी।
इसके लिए उसने अपनी हम उम्र सहेलियों के साथ मोहल्ले में लोगों को साफ सफाई के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया। दिव्यदर्शिनी अपने मोहल्ले की माही यादव, निशा शर्मा, रागिनी व राधिका के साथ करीब डेढ़ माह से लोगों को घर घर जाकर स्वच्छता अपनाने का संदेश दे रही है और उनको मच्छरों व गंदगी से होने वाली बीमारियों के खतरों से आगाह कर रही है।
अब तक वह शास्त्री नगर, गांधी नगर व पड़ोस के हरसिंहवा व अधारेपुरवा गांव में जाकर लोगों को बीमारी से बचाव के तरीके व साफ सफाई को लेकर जागरूक कर चुकी है। इस उत्साही बेटी के प्रयास को कस्बे के लोगों की सराहना भी मिल रही है।
बाजार के रामगोपाल, कृपाशंकर, तामेश्वर, श्रवण, सावित्री, कलावती आदि ने बताया कि इस छोटी सी बच्ची व उसकी सहेलियों के प्रयास को देखकर सभी लोग अपने आसपास साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने लगे हैं। दिव्यदर्शिनी का कहना है कि उसका प्रयास है कि उसके जैसे किसी भी बच्चे को इस खतरनाक बीमारी की त्रासदी से न गुजरना पड़े। इसके लिए वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपना जागरूकता अभियान भी जारी रखना चाहती है।
प्रधानमंत्री को भेजा पत्र
दिव्यदर्शिनी प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान की सराहना करते हुए कहती है कि इस अभियान से सभी लोगों को जुड़ना चाहिए और अपने आसपास का वातावरण साफ व स्वच्छ रखना चाहिए। सफाई को लेकर लोगों को जागरूक कर रही दिव्यदर्शिनी ने देश के प्रधानमंत्री मोदी को भी पत्र लिखा है। उसने पीएम से देश के सभी शहरों व गांवों में कूड़ा निस्तारण की मशीन लगाने की मांग की है।