करनैलगंज में गुरुवार को तेज बुखार से जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं डेंगू के सात नए मरीज मिलने पर परिवारीजनों ने उन्हें लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है। उधर, सीएचसी करनैलगंज के अधीक्षक डॉ. पीएन राय का कहना है कि डेंगूू से पीड़ित मरीजों के संबंध में सीएचसी पर किसी ने सूचना नहीं दी है। बुखार पर नियंत्रण के लिए लगातार दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।
गुरुवार को नगरीय क्षेत्र करनैलगंज में रहने वाले मो. वकील की तेज बुखार से मौत हो गई। वहीं, नगर के मोहल्ला स्टेशन रोड पर रहने वाली मीरा (25) को तेज बुखार होने पर जब परिवारीजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया तो जांच में डेंगू की पुष्टि हुई।
इसके बाद परिवारीजनों ने उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके अलावा नई बाजार निवासी शहनाज व उनका पुत्र शाहिद, जावेद का पुत्र फैसल, रिजवान रजा कुरैशी व राकेश तथा मोहल्ला कसगरान निवासी अब्दुल कलाम भी डेंगू से पीड़ित चल रहे हैं। इन सभी पीड़ितों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
उधर, सीएचसी करनैलगंज की ओर से बुखार की रोकथाम के लिए किए जाने वाले इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. पीएन राय का कहना है कि उनके स्तर से जितना कुछ हो सकता है, वह सारे इंतजाम बुखार की रोकथाम के लिए कर रहे हैं।
ब्लीचिंग पाउडर से लेकर दवाओं का छिड़काव मोहल्लों में रोजाना कराया जा रहा है। डेंगू की शिकायत पर पीड़ित लोगों का ब्लड सैंपल लेकर उनकी स्लाइडें भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को भेजकर तैयार कराई जाती हैं।