गोंडा। 50 हजार रुपये की घूस लेते बुधवार को रंगेहाथ गिरफ्तार किए गए सीनियर सेक्शन इंजीनियर अरुण कुमार मिश्र को सीबीआई ने बृहस्पतिवार को सीबीआई कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी इंजीनियर को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही रेलवे ने आरोपी सीनियर सेक्शन इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। सीबीआई के साथ ही रेलवे भी पूरे मामले की जांच करा रहा है।
रेल महकमा दो माह से सतर्कता अभियान चला रहा था। इसी बीच सीबीआई की कार्रवाई से रेलवे के अफसर सकते में आ गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर एवं लखनऊ डिवीजन के मंडल प्रबंधक आदित्य कुमार ने पूरे घटनाक्रम पर अफसोस जताया। साथ ही रेलवे में सतर्कता बढ़ा दी गई है। आरोपी सीनियर सेक्शन इंजीनियर अरुण कुमार मिश्र को निलंबित करने के साथ ही जूनियर इंजीनियर दीपक वर्मा को प्रभार सौंपकर बेहतर कार्य के निर्देश दिए गए हैं। बृहस्पतिवार को भी रेलवे में पूरे दिन सीबीआई के घटनाक्रम की चर्चा होती रही।