जन सहयोग तथा इच्छाशक्ति के बिना किसी भी योजना को धरातल पर लागू नहीं किया जा सकता और न ही किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है, क्योंकि योजनाएं लोगोें के विकास के लिए ही होती हैं। ऐसे में हर योजना में जन सहयोग का होना आवश्यक है। इसके लिए हमें जन-जन में जागरूकता पैदा करनी होगी तभी स्वच्छ भारत मिशन जैसे विशाल एवं पावन उद्देश्य की प्राप्ति संभव होगी। ये बातें देवीपाटन मंडल के आयुक्त रवि प्रकाश अरोड़ा ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत बुधवार को आयोजित मंडल स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कही। कमिश्नर ने कार्यशाला में ग्राम खानपुर की किशोरी सीमा का उदाहरण देते हुए बताया कि जिस तरह से उसने मजदूरी करके अपने घर में शौचालय बनवाने की मिसाल पेश की है उससे हम सबको प्रेरण लेनी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने सीमा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के मंडल की ब्रांड अंबेसडर घोषित किया। कार्यक्रम में डीएम अजय कुमार उपाध्याय, डीएम बलरामपुर प्रीति शुक्ल, डीएम श्रावस्ती राघवेंद्र विक्रम सिंह समेत कई अधिकारी व ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।