करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव में कोरोना के पॉजिटिव केश मिलने के बाद शुक्रवार को एक गांव को सील कर दिया गया और मरीज के कांटेक्ट ट्रेसिंग में शामिल रहे 30 लोगों का सैंपल लिया गया। इसके अलावा दोनों गांव में दवाओं का छिड़काव व गांव को सैनिटाइज करने की कार्यवाही की गई। जिन लोगों के सैंपल लिए गए उन्हें क्वारंटीन किया गया तथा एक गांव में कांटेक्ट ट्रेसिंग के बाद दो लोगों को स्कूल में क्वारंटीन किया गया बाकी उसके परिवारीजनों को होम क्वारंटीन में रखा गया है।
ग्राम बड़ी मनिहारी में 3 दिन पूर्व कोरोना का केश मिलने के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांटेक्ट ट्रेसिंग के तहत पाए गए 30 लोगों का सैंपल लिया और गांव को सैनिटाइज कराया। वहीं ग्राम रेवारी में स्वास्थ विभाग की टीम ने 2 दिन पूर्व मिले कोरोना मरीज की कांटेक्ट ट्रेसिंग किया। जिसमें दो लोगों को शक के आधार पर एक विद्यालय में क्वारंटीन किया गया तथा उनके परिवारीजनों को होम क्वारंटीन पर रखा गया। हलधरमऊ स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक एसपी वर्मा ने बताया कि रेवारी में कांटेक्ट ट्रेसिंग के तहत लोगों को चिन्हित किया गया है। जिनका सैंपल चार दिन बाद लिया जाएगा।
करनैलगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि ग्राम बड़ी मनिहारी में 30 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 10 लोगों की ट्रेसिंग में पता चला कि वह मरीज के संपर्क में नहीं आए थे। ऐसी दशा में उनका सैंपल नहीं लिया गया और सभी को क्वारंटीन किया गया है। गांव को सील कर दिया गया है। हालांकि अभी तक ग्राम रेवारी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जाकर दवाओं का छिड़काव एवं सैनिटाइजेशन का कार्य किया है। प्रशासन की ओर से अभी तक गांव को सील करने की कार्रवाई नहीं की गई है।