गोंडा। कमिश्नर देवीपाटन एसवीएस रंगाराव ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के दृष्टिगत बचाव, नियंत्रण, सैंपलिंग, सर्विलान्स, कांटेक्ट ट्रेसिंग तथा शासन को प्रेषित की जाने वाली रिपोर्ट आदि के संबंध में समीक्षा की। आयुक्त ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिये है कि शासन की मंशा व दिशा निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण त्वरित टेस्टिंग व कांटेक्ट ट्रेसिंग का कार्य कराया जाए। हॉटस्पॉट व कन्टेनमेन्ट जोन तथा वीकेंड के अवकाश में आने वालों की भी ट्रेसिंग व सर्विलांस हेतु निगरानी समितियों का सहयोग ले करके परिवारों को चिन्हित कर उनका भी परीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा है कि जहां-जहां हॉटस्पॉट क्षेत्र है उनका शत-प्रतिशत सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी वार्डों में सैनिटाइजेशन व ठीक प्रकार से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो।
आयुक्त ने बैठक में निर्देशित किया कि होम क्वारंटीन होने वाले लोगों की रैंडम चेकिंग कराई जाए कि वे निर्धारित स्थान पर रहते हुए अपेक्षित प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं या नहीं। एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में रेंडम चेकिंग के साथ ही साथ मोबाइल नंबर से संपर्क कर ऐसे लोगों की लोकेशन की जांच कराएं। आयुक्त ने सभी एसडीएम को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि उनके क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान संबंधित उपजकिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की हॉटस्पॉट, कंटेनमेंट जोन, प्राइमरी व सेकेन्डरी कांटेक्ट ट्रेसिंग की स्थिति से उन्हें अवगत कराएं।
उन्होंने इस बात के प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया है कि जिन स्थानों पर कोरोना पॉजिटवि केस मिलें हैं उससे संबंधित जो भी लोग पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए हों, वे पूरी तरह सतर्क रहें तथा स्वयं को आइसोलेट करते हुए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। आयुक्त ने पॉजिटिव पाए गए क्षेत्रों की भौगोलिक मैपिंग कराने तथा शासन के निर्देशानुसार प्रोेटोकाल का अनुपालन कराने केे निर्देश दिए हैं। आरोग्य सेतु व आरोग्य कवच एप भी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक डाउनलोड कराएं तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित कराएं।
आयुक्त ने रोडवेज तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सख्ती के साथ सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क लगाने के पालन पर जोर दिए। जिलाधिकारियों को समीक्षा करने और कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिए। बैठक में डीएम गोण्डा डॉ. नितिन बंसल, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, अपर आयुक्त/कोविड-19 के मंडलीय नोडल अधिकारी कमलेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ मधु गैरोला, एएसपी महेन्द्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट गोण्डा वन्दना त्रिवेदी, एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव, एसडीएम करनैलगंज ज्ञानचन्द्र गुप्ता, एसडीएम तरबगंज राजेश कुमार, एसडीएम मनकापुर हीरालाल यादव, एसडीएम कुलपदीप सिंह, प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल डा. अरूण लाल आदि रहे।