करनैलगंज के गुरसड़ी में सड़क की पैमाइश कराने पहुंचीं एसडीएम नेहा मिश्रा। - संवाद
करनैलगंज। ग्राम गुरसड़ी में निजी खेत में सड़क निर्माण को लेकर उपजे विवाद का शनिवार को प्रशासन ने मौके पर समाधान करा दिया। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन और शिकायतकर्ता के बीच कथित गाली-गलौज व धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया था।
शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी निवासी गुरसड़ी ने आरोप लगाया था कि सड़क निर्माण के दौरान उनकी भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। जांच के लिए पहुंचे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और शिकायतकर्ता के बीच कहासुनी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उपजिलाधिकारी को मौके पर भेजकर समाधान कराने के निर्देश दिए। शनिवार को एसडीएम नेहा मिश्रा लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम के साथ गांव पहुंचीं। दोनों पक्षों को बुलाकर राजस्व टीम से जमीन की पैमाइश कराई गई। माप-जोख के बाद विवादित हिस्से को स्पष्ट करते हुए आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। एसडीएम ने बताया कि भूमि विवाद का समाधान करा दिया गया है और सड़क निर्माण में आ रही बाधा समाप्त कर दी गई है। दोनों पक्ष सहमत हैं। पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। इसके साथ ही सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया है।