गोंडा। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते देशभर में लॉकडाउन कर लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की जा रही है। ऐसे में नवाबगंज में शराब फैक्टरी चलाई जा रही थी। क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम तरबगंज से इसकी शिकायत की। इस पर मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक विवेक सिंह ने फैक्टरी को बंद करा दिया।
केंद्र व राज्य सरकारें कोविड-19 को लेकर सतर्क हैं। फैक्टरियों को बंद कर मजदूरों को घर पर रहने को कहा जा रहा है और उनका वेतन व दिहाड़ी मजदूरी न काटने का निर्देश मिल मालिकों को दिया गया है। मगर नवाबगंज शराब मिल के मालिक पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा था। जनता कर्फ्यू के दौरान भी फैक्टरी चालू रही। क्षेत्र के कुछ लोगों ने मिल मालिक से बात की तो उन्होंने कहा कि मिल बंद करने का हमें कोई निर्देश नहीं मिला है।
इसकी शिकायत जब एसडीएम तरबगंज से की गई तब उन्होंने राजस्व निरीक्षक को भेजकर फैक्टरी को बंद कराया। मिल गेट पर मौजूद बाटलिंग इंचार्ज अमित ठक्कर ने बताया कि एसडीएम तरबगंज के निर्देश पर मंगलवार से फैक्टरी बंद कर मजदूरों की छुट्टी कर दी गई है। वेतन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैक्टरी मालिक से बात करें। मिल मालिक जगदीश चंद्र अग्रवाल से दूरभाष पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि एसडीएम तरबगंज ने फैक्टरी को बंद कराया है। इस बारे में एसडीएम ही बता सकते हैँ।