गोंडा के बहराइच रोड़ पर दुर्घटना के बाद झाडी में पडी छतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : GONDA
रुपईडीह (गोंडा)। गोंडा-बहराइच मार्ग पर पिपरा बाजार के पास बुधवार की रात बहराइच की ओर से आ रही डीसीएम की सामने से आ रही स्कार्पियो में भिड़ंत हो गई। जिससे स्कार्पियो अनियंत्रित होकर दो बाइक सवारों को रौंदती हुई सड़क किराने खड्ड में चली गई। इस हादसे में बाइक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को नाजुक हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि घायलों में एक का लखनऊ में तो दूसरे को जिला अस्पताल गोंडा में इलाज चल रहा है।
बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के इटहिया गांव के रहने वाले हरिप्रसाद शुक्ल (45) इसी गांव के रहने वाले विष्णुकुमार द्विवेदी (45) इसी थाना क्षेत्र के रनियापुर गांव के रहने वाले राजू पांडेय (24) व बहराइच जनपद के ही पयागपुर थाना क्षेत्र के शुक्ल पुरवा गांव के रहने वाले अरुण कुमार शुक्ल (38) के साथ बुधवार की रात बाइक से शहर के बहराइच रोड पर स्थित जानकी नगर में एक शादी समारोह में सम्मिलित होने जा रहे थे। एक बाइक पर हरिप्रसाद व विष्णु कुमार तो दूसरे बाइक पर राजू व अरुण सवार थे। सभी गोंडा-बहराइच राजमार्ग पर खरगूपुर थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार गांव के पास पहुंचे थे तभी बहराइच की ओर से आ रही डीसीएम की सामने से आ रही स्कार्पियो से भिड़ंत हो गई। जिससे स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे बाइक सवारों को रौंदती हुई सड़क किनारे खड्ड में चली गई। इस हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हरिप्रसाद शुक्ल, विष्णु कुमार द्विवेदी व राजू पांडेय को नाजुक हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में हरिप्रसाद शुक्ल व विष्णु द्विवेदी की मौत हो गई। जबकि राजू पांडेय की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद डीसीएम व स्कार्पियों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों वाहनों को चौकी आर्यनगर ले आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष खरगूपुर राजकुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
दो घरों में मचा कोहराम
बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के इटहिया गांव के रहने वाले विष्णु कुमार द्विवेदी विकास खंड विशेश्वरगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय अमराई में अनुचर के पद पर कार्यरत थे। विष्णु का पांच वर्षीय बेटा शिवांश और पांच बेटियां हैं। जिसमें दो की शादी हो चुकी है। तीन बेटियां सीमा, पूजा व क्षमा के सिर से पिता का साया उठ गया। विष्ण्धु की बूढ़ी मां सुषमा समेत बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है। हरिप्रसाद शुक्ला के दो बेटे आशुतोष व आनंद के सिर से भी पिता का साया उठ गया। दोनों परिवार में कोहराम मचा है। दोनों घरों में रिश्तेदार व संबंधी परिवार के लोगों को ढांढस बंधाने में लगे हैं।
गोंडा में बहराइच रोड पर दुर्घटना के बाद झाडी में खडी कार।- फोटो : GONDA