करनैलगंज। गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर चौरी चौराहे के पास शनिवार देर शाम अनियंत्रित स्कूटी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में स्कूटी सवार अब्दुल रहमान (16) की मौत हो गई और अब्दुल रहीम (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों तरबगंज के रगड़गंज क्षेत्र के रहने वाले हैं।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि करनैलगंज से गोंडा की तरफ जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे स्कूटी सवार दोनों किशोर चल रहे थे। चौरी चौराहे के पास अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रॉली के पिछले हिस्से में घुस गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में दोनों के परिजन भी पहुंच गए। दोनों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, अब्दुल रहमान की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। (संवाद)