रविवार को अवकाश के चलते कांशीराम कॉलोनी में पंतनगर, छावनी सरकार, पीएससी लाइन, परेड सरकार के अलावा मनकापुर के मिर्जापुर रामनाथ, मनकापुर कोट और धानेपुर के मुजेहना प्राथमिक व उच्च विद्यालयों में ताले लटकते रहे है। वहीं, शहर के रानीपुरवा के अलावा पथवलिया, मनकापुर के सोनबरसा और जैदवा, रघुनाथपुर, अंबरपुर, केशवपुर, विश्नोहरपुर, बानेपुर, भंगहा, सीरपुरवा और धानेपुर के प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में नव साक्षरों की परीक्षा आयोजित की गई।
बीएसए प्रेमचंद यादव ने धानेपुर कस्तूरबा गांधी और कंपोजिट विद्यालय जैदवा के अलावा झंझरी ब्लॉक के विद्यालयों में खंड शिक्षाधिकारी के साथ निरीक्षण किया है। जिला समन्वयक प्रेम शंकर मिश्र ने बताया कि जिले में 10,956 निरक्षरों ने नव साक्षरों की परीक्षा में हिस्सा लिया। जोकि लगभग 42 प्रतिशत रही।
निरक्षरों को ढूंढते रहे गुरुजी
पथवलिया कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिकाओं ने नव साक्षर परीक्षा कराने के बाद प्रतिभागियों को चाय-नाश्ता कराकर भेजा। वहीं, मॉडल स्कूल रानीपुरवा में भी शिक्षकों ने सुबह ही चार लोगों की परीक्षा करवा ली थी। इसके अलावा कई स्कूलों में पंजीकृत निरक्षर मजदूरी के लिए निकल गए। ऐसे में गुरुजी उन्हें परीक्षा के लिए खोजते नजर आए।
विद्यालयों का किया निरीक्षण
लक्ष्य के सापेक्ष निरक्षरों को नव साक्षर परीक्षा में शामिल कराने के शत-प्रतिशत प्रयास किए गए हैं। कई विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमचंद यादव, बीएसए