गोंडा में नवाबगंज के नंदिनी शूटिंग रेंज में विजेता शूटरों संग अतिथि।
नवाबगंज (गोंडा)। नंदिनी शूटिंग रेंज में चल रहे दो दिवसीय माॅनसून शाॅटगन ट्रैप शूटिंग चैंपियनशिप का समापन रविवार को हुआ। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप चेक देकर सम्मानित किया गया।
पदक अलंकरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष धनश्याम मिश्रा और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डाॅ. सत्येंद्र सिंह व पूर्व प्रमुख आजाद विक्रम सिंह रहे। चैंपियनशिप के फाइनल चक्र में सर्वाधिक अंक बटोर कर अंतरराष्ट्रीय शूटर शपथ भारद्वाज विजेता बने। दूसरा स्थान अनिरुद्ध सिंह और तीसरा स्थान महिला निशानेबाज आद्या त्रिपाठी को मिला। जिन्हें क्रमश: 75, 50 व 35 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
रेंज में दो दिन तक चले ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद रविवार को शीर्ष छह स्थान में जगह बनाने वाले शूटरों में फाइनल राउंड का मुकाबला नाॅकआउट के अधार पर कराया गया। प्रत्येक चक्र में सबसे कम अंक अर्जित करने वाले शूटर को फायरिंग प्लेटफाॅर्म से बाहर जाना पड़ा। अंतिम दो में फैसला सडेन डेथ के आधार पर किया गया। जिसमें पहले निशाना चूक जाने वाले शूटर को दूसरा स्थान मिला। रेंज के संस्थापक और शाॅटगन के मेडलिस्ट खिलाड़ी करन भूषण सिंह ने चैंपियनशिप में शिरकत करने पहुंचे शूटरों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। परवेज खान, लक्ष्य शेरान, दानिश अहमद और सैफ हसन ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। रेफरी जगदीप सिंह मांडला, प्रभात सिंह, सुधीर यादव, डाॅ. नवीन सिंह, सोनू सिंह, पिकंल सिंह, अखंड सिंह, काव्या त्रिपाठी, स्नेहलता राजवंत, वर्षा तोमर, विनीता बनर्जी, गीतांजलि चौहान मौजूद रहे।