गोंडा। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जिले के अफसरों ने 127 परिषदीय स्कूलों को गोद लिया है। ये अफसर इन स्कूलों में सामान्य पठन-पाठन से लेकर साफ-सफाई व कायाकल्प समेत अन्य गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रयास करेंगे। गोद लेने वाले अफसरों ने यदि इमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाई तो इन स्कूलों की तस्वीर बदली-बदली नजर आएगी।
परिषदीय स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार और पठन-पाठन के स्तर को ऊपर उठाने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा के प्रमुख सचिव ने जिला स्तरीय अफसरों को एक-एक परिषदीय विद्यालय गोद लेने का निर्देश दिया था। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की सूची जारी कर उन्हें एक-एक स्कूल की जिम्मेदारी सौंपी है। इस आदेश के क्रम में अफसरों ने एक-एक स्कूल गोद लिया है। इन स्कूलों के कायाकल्प की जिम्मेदारी ये अफसर उठाएंगे।
विद्यार्थियों के पढ़ाई-लिखाई के स्तर को जांचने के लिए संबंधित अधिकारी गोद लिए गए स्कूल का दौरा करेंगे। स्कूल के शिक्षकों को समय-समय पर विशेष दिशा-निर्देश भी देंगे। पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कुल मिलाकर सुविधा विस्तार और पढ़ाई का स्तर सुधार कर गोद लिए गए स्कूलों की तस्वीर बदलने का काम संबंधित अफसर करेंगे।
इन अफसरों ने गोद लिया स्कूल
जिले के जिन 127 अधिकारियों ने स्कूलों को गोद लिया है, उनमें अपर जिलाधिकारी से लेकर थानाध्यक्ष तक शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने करनैलगंज के प्राथमिक विद्यालय बरवलिया प्रथम को गोद लिया है। मुख्य राजस्व अधिकारी जय नाथ यादव ने बरवलिया द्वितीय को गोद लिया है। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने झंझरी के कंपोजिट स्कूल छावनी सरकार को गोद लिया है। एसडीएम सदर ने करनैलगंज के कंपोजिट स्कूल लालेमऊ व एसडीएम करनैलगंज ने कंपोजिट स्कूल रामगढ़ को गोद लिया है, जबकि अन्य अफसर एक-एक स्कूल को गोद लेकर उसकी मॉनीटरिंग करेंगे।
स्कूलों का कराएंगे विकास
परिषदीय स्कूलों को गोद लेने वाले अधिकारी बेहतर शैक्षिक माहौल बनाएंगे। बच्चों के पाठ्यक्रम को पूरा कराने के लिए शिक्षकों को प्रेरित करेंगे। बच्चों के अभिभावकों से समन्वय स्थापित कर शैक्षिक वातावरण बेहतर रखेंगे। स्कूलों की कमियों को दूर कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या दूर करेंगे। व्यापारियों और बड़े संस्थानों को स्कूल से जोड़कर विकास कार्य भी आम सहयोग से कराएंगे। जिससे स्कूल में कोई कमी न रहने पाए।
परिषदीय स्कूलों को जिन अधिकारियों ने गोद लिया है उसकी सूची जारी कर दी गई है। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए