फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: सरयू का जलस्तर घटा, कटान से राहत नहीं

Tue, 12 Aug 2025 11:21 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
नवाबगंज के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में पशुओं के लिए नाव से चारा ले जाते ग्रामीण। - संवाद 
विज्ञापन
करनैलगंज (गोंडा)। सरयू नदी का जलस्तर घट रहा है, लेकिन कटान के बीच एक बार फिर पानी का डिस्चार्ज बढ़ गया है। दूसरी ओर बाढ़ के पानी से घिरे गांवों में पशुओं के चारे का संकट गहरा गया है। ग्रामीण ऊंचे स्थानों से घास व चरी नाव पर लादकर ला रहे हैं।
विज्ञापन

ग्राम चंदापुर किटौली के 11 मजरे बाढ़ प्रभावित हैं मगर प्रशासन तीन मजरे ही प्रभावित मान रहा है। बांध के अंदर बसे बिचला, धुसवा और नाऊ पुरवा पहले से बाढ़ की चपेट में हैं। इसके साथ ही खोलहरियन पुरवा दक्षिणी, पश्चिमी, सियाराम पुरवा, दमरीहन पुरवा, मुखियान पुरवा, कोहारन पुरवा, अनुसूचित पुरवा व बनियन पुरवा भी पानी से चौतरफा घिरे हैं।
नकहरा, तीरथराम पुरवा, शंभर पुरवा, दुलारे पुरवा, छांगुर लाल पुरवा, देव किशुन पुरवा, राधेपुरवा, मछारन पुरवा, पुहिल पुरवा, अयोध्या पुरवा, सांवल पुरवा के साथ कई अन्य गांव बाढ़ से जूझ रहे हैं। ग्राम घरकुइयां और बहुवन मदार मांझा के किसानों की खेती पूरी तरह से जलमग्न है तथा घट रहे पानी से कटान की जद में आकर सरयू में समाहित हो रही है।
विज्ञापन

सरयू नदी एल्गिन ब्रिज पर खतरे के निशान से 14 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गई है। नदी खतरे के निशान 106.070 के सापेक्ष 105.930 पर बह रही है। सोमवार को पानी का डिस्चार्ज 2.73 लाख था, मंगलवार को यह बढ़कर 3.06 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। उपजिलाधिकारी यशवंत राव का कहना है कि बाढ़ का पानी घट रहा है। प्रभावित ग्रामीणों को लंच पैकेट, राशन आदि का वितरण किया जा रहा है। बाढ़ के हालात काबू में हैं। लगातार नजर रखी जा रही है।




धुसवा में दो मगरमच्छ दिखने से दहशत
करनैलगंज। बाढ़ प्रभावित ग्राम चंदापुर किटौली के मजरा धुसवा में दो मगरमच्छ एक साथ दिखाई दिए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि बाढ़ से टापू बने गांव में ग्रामीण किसी तरह रह रहे हैं। चारों तरफ पानी ही पानी है। तमाम ग्रामीण बांध पर आशियाना बनाकर रह रहे हैं। नाव से ही आना-जाना होता है। धुसवा में एक साथ दो मगरमच्छ दिखने से ग्रामीण दहशत में हैं। मगरमच्छ लगातार दिखाई दे रहे हैं और गांव के आसपास ही मौजूद हैं।
बाढ़ पीड़ितों के लिए कचरा वाहन से भेजे लंच पैकेट, वीडियो वायरल
उमरीबेगमगंज (गोंडा)। बाढ़ पीड़ितों के लिए कूड़े के वाहन से लंच पैकेट भेजने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। अमर उजाला वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में अमदही के पास परासपुरवार ग्राम पंचायत में कूड़े के वाहन में लंच पैकेट रखे जा रहे हैं। वाहन में 20 से 25 पैकेट ऊपर दिख रहे हैं। उपजिलाधिकारी तरबगंज विश्वामित्र सिंह का कहना है कि वीडियो की जानकारी नहीं है। मगर यदि यह घटना सही है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें