गोंडा। तरबगंज व करनैलगंज के माझा क्षेत्र में सरयू का कटान तेज हो गया है। वहीं, करनैलगंज में सरयू नदी के घटते जलस्तर से तटबंधों पर भी संकट बढ़ गया है। नदी खेतों को काटते हुए तटबंध की ओर बढ़ रही है।
तरबगंज के गांवों में फैला पानी तबाही मचाने को बेताब है। क्षेत्र के दत्तनगर गांव का बाड़ी माझा, साकीपुर के चहलावा और तुलसीपुर माझा के राजा फार्म गांव के निकट हो रहे कटान में रोजाना कई बीघे खेत नदी में समा रहे हैं। बाड़ी और चहलावा गांव में नदी तेजी से कटान करते हुए घरों के करीब आ गई है। दत्तनगर के बाड़ी माझा में कटान से अब तक फूलचंद के चार, रामसजीवन के दो, रामू के तीन, पवन कुमार के पांच, भलरू के चार, नान्हे के छह व फतेह बहादुर के 20 बीघा खेत कट चुके हैं। धान व गन्ने की फसल वाले खेत महीने भर में देखते ही देखते सरयू में समाते चले गए। यहीं पर चंदी का घर कटान के मुहाने पर है। तेज बहाव से दत्तनगर से ढेमवा जाने वाला बाईपास मार्ग भी कट गया है।
ढेमवा पुलिस चौकी के पास पुलिया व सड़क भी तेज बहाव में कट गई है। सरयू नदी खतरे के निशान से 45 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गई है।