गोंडा। जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 176 प्रार्थना प्राप्त आए। जिनमें से 21 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
मनकापुर कोतवाली में समाधान दिवस की अध्यक्षता सीओ सौरभ कुमार वर्मा ने की। इस मौके पर 16 शिकायत पत्र आए।मौके पर 3 शिकायतों का निस्तारण किया गया। ग्राम चांदपुर लखपत राय निवासी रामगोपाल चौहान ने शिकायत किया कि तालाब की भूमि पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। ग्राम हरनाटायर मजरा गडरही निवासी आज्ञाराम ने शिकायत किया कि उसके सहन दरवाजे की भूमि पर कुछ लोगों ने घूर गड्ढा बना लिया है।
करनैलगंज में आयोजित समाधान दिवस में नायब तहसीलदार करनैलगंज रोहित कटियार, नायब तहसीलदार संतोष कुमार व प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने जन शिकायतों को सुना गया। थाना समाधान दिवस में 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर के मोहल्ला कसगरान निवासी सरवर अली ने शिकायत किया कि मोहल्ले के कुछ लोग शौचालय का प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन टैंक नहीं बना है। जिससे गंदगी नाली में फैल रही है। मोतीगंज में थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम सदर कुलदीप सिंह व सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने की। 12 में से एक शिकायत का निस्तारण किया गया।
पेड़ारन गांव निवासी रोजअली ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम प्रधान उसकी खतौनी की जमीन में खेल मैदान बनवा रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद भी लेखपाल रोक नहीं रहे हैं। एसडीएम सदर ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल को जमीन चिन्हांकन के लिए निर्देश दिया।