श्रीराममंदिर निर्माण के लिए चंदा मांगने निकले विधायक प्रभात वर्मा।
- फोटो : GONDA
गोंडा। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए किए जाने वाले वाले निधि समर्पण अभियान शुक्रवार को पूरे जिले में एक साथ शुभारंभ हुआ। यह अभियान आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भाजपा सहित सभी आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारियों के संयोजन में शुरू हुआ। सदर विधायक ने एक करोड़ रुपये समर्पित किया।
गोंडा नगर का कार्यक्रम नवीन गल्ला मंडी में आयोजित हुआ, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक मनोज ने निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ किया। इसमें सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने स्वयं व पत्नी की ओर से एक करोड़ की निधि मंदिर निर्माण के लिए दान की।
इसके साथ ही नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी दीपक अग्रवाल की पुत्री निधि अग्रवाल ने अपने जीवन का पहला वेतन 75 हजार दिया। उनके पिता ने एक लाख एक हजार दिए। व्यवसायी संजीत जायसवाल की माताजी कामेश जायसवाल ने 5 लाख रुपये दान किए।
नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक ओएन पांडे ने एक लाख एक हजार रुपये की धनराशि दी। अमित सिंह ने 51 हजार, सुशील शुक्ला ने 51 हजार व नगर के प्रतिष्ठित अधिवक्ता राम करण मिश्र ने 51 हजार की निधि समर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के सह प्रांत प्रचारक मनोज ने कहा कि यह हमारा आपका सौभाग्य है कि श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हमारे समक्ष होगा। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि अभियान के प्रमुख राकेश वर्मा गुड्डू ने किया।
इटियाथोक के दीनदयाल शोध संस्थान में समर्पण नीति का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने किया। समारोह में विधायक ने कहा कि भव्य राम मंदिर का निर्माण के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा।
गौरा विधान सभा क्षेत्र के गौरा चौकी बाजार स्थिति भाजपा कार्यालय पर विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक किया। इसके बाद बाजार में घर-घर जाकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान के तहत धन संग्रह किया। उन्होंने सभी से भव्य मंदिर निर्माण के लिए अपनी क्षमता के अनुकूल दान देने की अपील किया।