करनैलगंज। तहसील परिसर स्थित नायब तहसीलदार बलराम शर्मा के आवास में स्थित किचन में शुक्रवार को रसेल वाइपर दिखने से हड़कंप मच गया। करीब ढाई फीट लंबा सांप पिछले तीन दिनों से रसोई में छिपकर बैठा था।
आवास में तैनात कर्मचारियों ने कई बार किचन में सांप दिखाई देने की सूचना दी थी। इसके बाद तहसीलदार राहुल सिंह की सूचना पर सर्प मित्र अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद उन्होंने रसेल वाइपर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया।
सर्प मित्र अरुण कुमार ने बताया कि रसेल वाइपर भारत के सबसे जहरीले सांपों में शामिल है। काटने पर तत्काल उपचार न मिलने पर जान का खतरा हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह का सांप दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
उप जिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने बताया कि नायब तहसीलदार बलराम शर्मा के सरकारी आवास के किचन में सांप होने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू टीम ने सांप के जंगल में छोड़ दिया है।