गोंडा। रेशम विभाग के उपनिदेशक रामानंद मल्ल को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी के मामले में पुलिस ने 10.17 लाख रुपये की रकम वापस कराई है। पुलिस ने साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की लोगों को सलाह दी है।
उपनिदेशक को 15 जनवरी को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर लिया था। इस दौरान उनके आधार से सिमकार्ड लेकर खाता खोलने, 68 करोड़ का मनी लॉडरिंग, चोरी के पैसे के लेनदेन की बात कही गई। इसके बाद आईबी और सीबीआई का फर्जी लेटर भेजकर लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। मामले में एसपी के आदेश पर साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। साइबर थाने के पुलिसकर्मियों ने बैंक से समन्वय स्थापित किया। साथ ही जिस खाते में पीड़ित की रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उसे फ्रीज करा दिया। शुक्रवार को पीड़ित को 10.17 लाख रुपये वापस दिला दिए गए। इस पर उनका चेहरा खुशी से चेहरा खिल उठा।
नशीला पदार्थ खिला भूमि का बैनामा कराने में तीन गिरफ्तार
झंझरी (गोंडा)। नगर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को देहात कोतवाली के भट्ठा गांव वैसिया चैन निवासी राजकुमार, प्रेमनाथ और नरेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक जैद सिद्दकी ने बताया कि कौड़िया के सरैंया माफी निवासी सावित्री ने आरोप लगाया था कि पति संतोष कुमार को बीमारी की हालत में नशीला पदार्थ खिलाकर आरोपियों ने जमीन का बैनामा करा लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। (संवाद)