गोंडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर इस बार कई बड़े बदलाव किए गए हैं। नए नियमों के तहत अब परीक्षार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिका के केवल पहले व अंतिम पन्ने पर ही नहीं, बल्कि हर पन्ने पर अनुक्रमांक (रोल नंबर) और कॉपी नंबर लिखना होगा। इससे उत्तर पुस्तिकाओं में पन्नों की अदला-बदली जैसी अनियमितताओं की संभावना समाप्त हो जाएगी।
परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण 11 फरवरी को शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से शुरू होगा। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि 13 फरवरी तक सभी परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वितरण प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में होगी और रिकॉर्ड का पूरा मिलान किया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने के लिए कक्ष निरीक्षकों की जिम्मेदारी भी बढ़ा दी गई है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षा कक्ष में कोई भी सहायक सामग्री, जैसे पोस्टर, चार्ट, मॉडल या ब्लैकबोर्ड पर लिखे निर्देश न हों। इसके अलावा उत्तर पुस्तिका के पन्नों की सुरक्षा पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड के निर्देश
- उत्तर पुस्तिका का कोई भी पन्ना फाड़ना प्रतिबंधित है।
- कॉपी के अंदर कहीं भी नाम, हस्ताक्षर या पहचान चिह्न लिखना वर्जित है।
- परीक्षार्थी केवल कवर पेज पर मांगी गई प्रविष्टियां ही भरेंगे।
- प्रश्नपत्र मिलने से पहले कॉपी के अंदर कुछ भी लिखने की अनुमति नहीं होगी।
- परीक्षा शुरू होने से पहले अपनी उत्तर पुस्तिका के सभी पन्नों की जांच कर लें।