गोंडा। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ और परिवहन निगम प्रशासन के बीच विभिन्न मांगों को लेकर बनी सहमति के बाद 22 जून को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन फिलहाल टाल दिया गया है। शनिवार को क्षेत्रीय प्रबंधक और कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब एक घंटे तक चली वार्ता में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक निर्णय लिए गए।
कर्मचारी संघ की ओर से स्थानांतरण नीति के विपरीत किए गए तबादलों सहित कई मुद्दों को लेकर लंबे समय से नाराजगी जताई जा रही थी। इसी के चलते संगठन ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर 22 जून को धरना-प्रदर्शन की घोषणा की थी।
संघ के क्षेत्रीय मंत्री हरिश्चंद्र पांडेय ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुणभानु तिवारी की मौजूदगी में हुई वार्ता में स्थानांतरण आदेशों पर पुनर्विचार करने, डिपो में खड़े वाहनों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने, सुलभ शौचालय की मरम्मत कराने तथा चालक विश्राम कक्ष (ड्राइवर रेस्ट रूम) में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मांगों के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद संगठन ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। बैठक में मंडल अध्यक्ष रामपाल द्विवेदी, विपिन शुक्ल, ऋतिक चतुर्वेदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।