बड़गांव (गोंडा)। वसंत पंचमी पर तीन फरवरी को संगम तट पर होने वाले अमृत स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अभी से बढ़ने लगी है। रोडवेज ने भी इसके लिए कमर कस ली है। 55 बसों के साथ ही जरूरत पड़ने पर बगल के डिपो से और बसें मंगाने की तैयारी कर ली गई है। महाकुंभ के बहाने रोडवेज महकमे के लाभ का ग्राफ भी बेहतर हो रहा है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि मौनी अमावस्या शाही स्नान से पहले रोडवेज का लोड फैक्टर 65 से 70 था जो कि शाही स्नान के दौरान बढ़कर सौ हो गया था। बाद में कुछ घट गया था जो कि अब फिर सौ पहुंच गया है। बताया कि इस दौरान रोडवेज की अच्छी कमाई हुई है। कमाई के मामले में गोंडा डिपो रीजन में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। बताया कि वसंत पंचमी के शाही स्नान को लेकर गोंडा डिपो की 55 बसों को महाकुंभ के लिए लगाया गया है। सवारियों की संख्या बढ़ी तो अन्य डिपो की बसें भी मंगवाई जाएंगी। इसके लिए विभागीय अनुमति मिल चुकी है। दिल्ली समेत कई लंबे रूटों से बसें हटाकर प्रयागराज के लिए लगा दी गई हैं ताकि अप व डाउन की आवृत्ति बढ़ाई जा सके।
बसों में बमुश्किल मिल पाती है जगह
बहू-बेटे के साथ प्रयागराज से आईं सीतापति बलरामपुर की बस के इंतजार में दो घंटे से रोडवेज परिसर में बैठी थीं। उन्होंने कहा, सभी बसें भर-भरकर जा रही हैं। उन्हें मौका नहीं मिल पा रहा। संगम स्नान से लौटे लोगों को बहराइच के लिए बस नहीं मिली तो एक मालवाहक गाड़ी के चालक ने फायदा उठाया। पूरा किराया वसूलने के बाद सबको लेकर बहराइच निकल गया। किशन लाल बताते हैं कि प्रयागराज के लिए बसें इस कदर भरकर जा रही हैं कि सपरिवार जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।