पृथ्वीनाथ-विशुनापुर मार्ग से बहराइच को जोड़ने वाली सड़क पर पड़े पत्थर। -संवाद
खरगूपुर। पृथ्वीनाथ-विशुनापुर मार्ग से बहराइच सीमा को जोड़ने वाली सड़क जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग की मरम्मत नहीं होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराने के साथ चौड़ीकरण की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग बहराइच समेत अन्य स्थानों पर आते-जाते हैं। सड़क की खराब हालत से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दिक्कत होती है। बरगदही गांव के संदीप तिवारी और कटैया के शाकिर, मसीहुद्दीन, मजीद, शलीम, किनकऊ, कलीम, इजराइल, निबरे, शहजाद व कैयूम समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण से आवागमन सुगम हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता नृपेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए टेंडर ऑनलाइन हो चुका है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।