फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

35 सड़कों का टेंडर तक नहीं, कैसे होगा निर्माण

विज्ञापन
गोंडा के बांसगांव में पहवा संपर्क मार्ग की जांच करते सीडीओ गौरव कुमार। -संवाद - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। जिले में जर्जर व बदहाल पड़ी सड़कों को दुरुस्त बनाने के कार्य में पूरी तरह लापरवाही व ढिलाई बरती जा रही है। इसके चलते ही जर्जर व बदहाल सड़कों पर चलना तक दुश्वार हो गया है। सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का कार्य शासन की प्राथमिकता में शामिल होने के बावजूद सौ से अधिक सड़कों की मरम्मत का कार्य अधूरा है। जिन सड़कों की मरम्मत का कार्य हो रहा है उसमें भी घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। इतना ही नहीं जिम्मेदारों की सुस्ती के कारण 35 सड़कों के निर्माण कार्य के लिए तो अभी तक टेंडर प्रक्रिया तक पूरी नहीं हुई है।
विज्ञापन

सीडीओ गौरव कुमार ने जिले में संचालित सड़कों के मरम्मत कार्य की जमीनी हकीकत परखने के लिए कई जगहों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान कई जगह मरम्मत कार्य में इस्तेमाल की जा सामग्री घटिया गुणवत्ता की मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने पीडब्लूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य को पूरी गंभीरता से कराया जाए। इस बार हुई अतिवृष्टि व बाढ़ के कारण नवाबगंज, तरबगंज, करनैलगंज व परसपुर तहसील में दो सौ के करीब सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके साथ ही करीब 135 गड्ढायुक्त सड़कों को भी मरम्मत कर दुरुस्त बनाया जाना था।
टेंडर प्रक्रिया तक अधूरी, कैसे बनेगी सड़क
जिले में सड़कों के मरम्मत कार्य को पूरा कराने का कार्य 15 नवंबर तक पूरा करना है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों की शिथिल कार्यप्रणाली के चलते 35 सड़कों को बनाने की टेंडर प्रक्रिया तक अभी पूरी नही हो पाई है। इसके तहत मंगलनगर, पूरे बहोरी, दुबहा बाजार, कटुआनाला, बालपुर - परसपुर से चंदापुर, मनकापुर से पहाडापुर, राजपुर, लंबरदारपुरवा, नकहाबसंत, बोधियानपुरवा व पड़रिया सड़क मार्ग बनना है।
विज्ञापन

इसके साथ ही नरायनपुर माझा, टेढ़ीडीहा, बसंतपुर, जहांगिरवा, लालेमऊ, बहुवनमदार माझा, मोहम्मदपुर, गोकर शिवाला, कटरा नयनडीहा, कौडिया- अशोकपुर, भुड़कुड़ा, देवा पसिया, हलधरमऊ गद्दोपुर, चचरी माझा, प्रहलादगंज, नरायनपुर साल, पसकापुल का एप्रोच, कचनापुर, करईनाला, रेक्सडिया संपर्क मार्ग का भी मरम्मत कार्य होना है। इन सड़कों के मरम्मत का कार्य 15 नवबंर तक पूरा कराना अब बड़ी चुनौती बना है।
गड्ढों में तब्दील सड़कों से जान हथेली पर
मरम्मत व अनुश्रवण कार्य न होने से कई सड़कें इस हद तक जर्जर हो गई है कि इन पर जान हथेली में लेकर चलना पड़ता है। इन सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों में फंस कर आए दिन वाहन दुर्घटना होती रहती है। इन बदहाल सड़क मार्गों को 15 नवंबर तक दुरुस्त बनाना संभव नहीं दिखता है। इसमें कटरा बाजार में सेल्हरी मंडप से कटरा बाजार संपर्क मार्ग पूरी तरह से जर्जर है।
वहीं भटपुरवा चौराहे से खेमपुर संपर्क मार्ग पर सड़क की गिट्टियां उजड़ कर सड़क गड्डे में तब्दील हो गयी है। करनैलगंज में बीते दिनों भारी बरसात एवं बाढ़ का पानी सड़कों पर भर जाने के कारण आधा दर्जन प्रमुख सड़कें उखड़ गई हैं। जिस पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। करनैलगंज से शाहपुर जाने वाले मार्ग पर करीब दो सप्ताह से अधिक समय से पानी भरा होने के कारण कई जगह मार्ग उखड़ गया है। इसी तरह गोंडा लखनऊ मार्ग पर ग्राम नारायनपुर माझा होते हुए बहराइच कैसरगंज जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाने के कारण कई जगह सड़के उखड़ने के साथ कटी पड़ी हैं।
क्षतिग्रस्त व बदहाल सड़कों की मरम्मत व निर्माण का कार्य तेजी के साथ हो रहा है। इसके लिए सभी अधीनस्थों को निर्देशित किया गया है कि वह सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के साथ ही इनकी मरम्मत व नई सड़के बनाने का कार्य भी हर संभव स्तर 15 नवंबर तक पूरा कराए। वीरेंद्र चौधरी, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें