गोंडा। मनकापुर में एमएसएस (मिक्स सील सरफेसिंग) प्लस तकनीक से पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया गया है। जानकार बताते हैं कि इस तकनीक से सड़क निर्माण होने से लोगों को न प्रदूषण की टेंशन होगी और न ही कार्बन रेडिएशन की दिक्कत होगी। नई तकनीक से सड़क बनने के बाद गड्ढे भी नहीं होंगे।पांच किलोमीटर लंबी सड़क गोंडा-नवाबगंज मार्ग से बक्सर ग्रंट अंबरपुर तक बनाई गई है। इस पर 133.77 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
सड़कों के निर्माण को लेकर जिले में एमएसएस प्लस तकनीक की शुरुआत हुई है। इस तकनीक से गोंडा में निर्मित सड़क का शनिवार को वैज्ञानिक और सीएसआईआर (काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्टि्रयल रिसर्च) की महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से बनी सड़क का अध्ययन किया जा रहा है। खास बात ये है कि इसमें गर्म तारकोल का इस्तेमाल नहीं किया जाता। उनके साथ केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान के निदेशक और इंडियन रोड कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन परिडा, वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक सतीश पांडेय, केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. पी. प्रदीप कुमार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के प्रमुख अभियंता बृजेश कुमार दुबे, अधिशासी अभियंता जेबी सिंंह आदि मौजूद रहे।