करनैलगंज(गोंडा)। विभिन्न नदियों में चीनी मिल द्वारा गंदा व विषैला पानी छोड़े जाने की परेशानी खत्म कराने की मांग को लेकर आजाद युवा विकास फाउंडेशन के सदस्यों ने एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। बताया गया कि बहराइच के चितौरा झील से निकलकर गोंडा के नवाबगंज स्थित सरयू नदी तक बहने वाली जीवनदायिनी टेढ़ी नदी में फैक्ट्री से छोड़े जा रहे गंदे व जहरीले पानी से जहां एक ओर नदी की सुचिता व स्वच्छता प्रभावित हो रही है। वहीं तमाम प्रकार के जलीय जीव जंतुओं पर भी संकट मंडरा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर नदी में छोड़े जा रहे अपविष्ट कचरा व गंदे पानी पर रोक लगवाई जाए। ज्ञापन में हाईवे सहित अन्य सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा जानवरों से आएदिन होने वाली दुर्घटनाएं रोकने को भी प्रभावी कार्रवाई कराते हुए जानवरों को आश्रय केंद्र भेजवाने की व्यवस्था कराए जाने की मांग की।
फाउंडेशन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने चेताया कि यदि उनकी मांगों को 15 दिन में निस्तारित नहीं कराया गया तो तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू करने को विवश होना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में आजाद युवा विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष हर्षित सिंह, परसपुर विकास मंच अरुण कुमार सिंह, सुभाष सिंह, शिवपाल सोनी समेत कई लोग मौजूद रहे।