गोंडा। कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में पहल हुई है। उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति-2019 के तहत मंगलवार को नवीन गल्ला मंडी बहराइच रोड से नेपाल के लिए गैर बासमती चावल की पहली खेप भेजी गई। डीएम प्रियंका निरंजन ने हरी झंडी दिखाकर चावल की खेप को रवाना किया।
डीएम ने कहा कि कृषि उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने से किसानों और व्यापारियों को नए अवसर मिलेंगे। निर्यात बढ़ने से स्थानीय कृषि उत्पादों की मांग और किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
मंडी समिति के अधिकारियों ने बताया कि गोंडा से नेपाल को गैर बासमती चावल भेजा जा रहा है। इससे जिले के कृषि उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर भी बनेंगे। इस अवसर पर व्यापारी मनीष अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विकास अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।