गोंडा। सदर तहसील के पथवलिया गांव में जलभराव के कारण 100 बीघे से अधिक फसल के डूबने को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित खबर का प्रशासन ने संज्ञान लिया है। एसडीएम ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जानकारी ली है।
बीते दिनों हुई लगातार बारिश के कारण पथवलिया गांव के कुशहवा, कंदरवा, कहारनपुरवा, बखरवा सहित अन्य गांव के लोगों का आवागमन बंद है। उन्हें दूसरे रास्ते से ज्यादा दूरी तय करके आना-जाना पड़ता है।
रेलवे ट्रैक पार कर बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के लिए विवश हैं। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए अमर उजाला ने 21 अगस्त के अंक में ट्रैक पार कर विद्यालय जाते छात्र, 100 बीघा फसल डूबी शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर छपने के बाद एसडीएम सदर अशोक कुमार गुप्ता ने नायब तहसीलदार अतुल पाल, कानूनगो निरंकार व लेखपाल अभय श्रीवास्तव की टीम को मौके पर भेजा। तहसील की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
प्रधान प्रतिनिधि धनलाल दूबे ने बताया कि वर्षों पहले निजी खाते की जमीन में जलनिकासी के लिए नाला बनाया गया था। वर्तमान में कुछ लोगों ने नाला पाट दिया है। नाले का अतिक्रमण हटवा दिया जाए और सफाई हो जाए तो जलनिकासी की समस्या दूर हो जाएगी।