मनकापुर बस स्टैंड के पास ट्रेंचिंग ग्राउंड की पैमाइश करती राजस्व व नगर पालिका टीम।
गोंडा। प्रशासन के निर्देश पर गठित की गई छह सदस्यीय राजस्व टीम ने बुधवार दोपहर मनकापुर बस स्टैंड के निकट स्थित महराजगंज कस्बे के खाली मैदान की पैमाइश की। मैदान में नगर संगठित विकास योजना के लिए सुरक्षित जमीन पर पक्के निर्माण करा चुके लोगों को चिह्नित किया। सभी के रकबे नापकर रिपोर्ट तैयार की है। मौके पर 152 दुकानों की जगह सिर्फ 61 पाई गईं। वह भी आधी अधूरी हैं।
नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में गठित टीम पैमाइश के लिए मौके पर पहुंची। योजना के तहत आरक्षित 07 बीघे 02 बिस्वा जमीन की नाप की गई। इसके दायरे में कई बड़े भवन, होटल, बारात घर, आरओ प्लांट और डेढ़ दर्जन आलीशान मकान भी आ गए। राजस्व निरीक्षक संतोष पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट तैयार की गई है। राजस्व निरीक्षक सुशील शर्मा, लेखपाल सदर संतोष श्रीवास्तव, पवन सिंह और गिरीश यादव ने कार्रवाई पूरी की। नगर पालिका की ओर से नजूल लिपिक रामजनम मिश्रा और गुरुचरण पांडेय भी अभिलेख के साथ मौजूद रहे। फिलहाल अभी कब्जेदारों को अभिलेख प्रस्तुत करने का कोई मौका नहीं दिया गया है। पैमाइश के दौरान कई कब्जेदार अपनी दुकान व मकान पर ताला लगाकर मौके से चले गए। नाप कर रही टीम को दुकानदार मौके पर नहीं मिले।